मोहक मधुर मुस्कान तुम्हारी, कोई संगीत सुरीला।

खिलती मीठी हँसी भाए, गाए गीत ज्यों कोकिला॥


रक्तवर्ण अधरों की कंपन, नम सुमन की दो पंखुड़ी।

लहराते कुंतल मनभावन, श्यामल मेघ विकीर्ण सी॥


कपोल की लजाई लालिमा, भोर की निखरती लाली।

स्निग्ध ग्रीवांग की कोमलता, मदिरा की भींगी प्याली॥


मदमत्त लहराती चाल यूँ, इठलाती चंचल हिरनी।

झुकते तीखे नयन लुभाए, अति मनमोहक मृगनयनी॥


लचकती सुघड़ कटिभाग लगे, बेल की बलखाती लता।

रुप श्रृंगार करे पराजित, सुरबाला की सुंदरता॥


बिन्दी लाल दीप्त भाल पर, मंदिर में ऋत एक दिया।

नयन सिरा पर मद्धम काजल, साँझ का जैसे रुप नया॥


कनक खनकती नरम कलाई, क्षितिज पे उगी नूतन ऊषा।

मोहिनी पावन छवि मनोहर, प्रकाशित चहुूँ विन्द दिशा॥


सौम्य काया पर छंद लिखे, कविताओं की अभिलाषा।

प्रशंसा के सहस्त्र शब्द भी, लगे कि कुछ है अधूरा सा॥