माँ तुम कब आओगी 


माँ कल तुम चली गयीं 

इक आह सी दिल में छोड़ गयीं 

कुछ ख़ामोश से बच्चे बैठे हैं , 

शायद सामानों में अपने तुम , कुछ बचपन भी साथ समेट गयीं

माँ कल तुम चली गयीं , इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


कोलाहल से कटती थी शामें 

हर बात पे होती थी चुहलाई 

कुछ गूँगी दीवारें हैं बस 

शायद सामानों में अपने तुम , कुछ किलकारी साथ समेट गयीं

माँ कल तुम चली गयीं , इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


इठलाती थी एक क्यारी कल तक 

शर्माती थी हर छुइमुई 

कुछ मुरझाए से पत्ते हैं शाख़ों पर 

शायद सामानों में अपने तुम , वो बगिया भी साथ समेट गयीं

माँ कल तुम चली गयीं , इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


ठाठ से झूला करते जिन पर 

साँझ सवेरे राधा और कन्हाई 

कुछ खिसियाए से लगते हैं नंदलाल 

शायद संदूक़ों में अपने तुम , वो झूले भी साथ समेट गयीं 

माँ कल तुम चली गयीं , इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


लहराती अँगड़ाती अम्बर में 

बादल से करती थी हाथापाई 

कुछ कटी पतंगे रखी हैं छत पे 

शायद सामानों में अपने तुम , वो माँझे की डोरी साथ समेट गयीं 

माँ कल तुम चली गयीं , इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


वादी में कुछ हलचल है 

अफ़वाहें हैं दुश्मन ने की है चढ़ाई 


अरी को सबक़ सिखाने कुछ बच्चे प्रण करते हैं 

माँ का चमन बचाने कुछ बच्चे चोला पहनते हैं 

कवच बना जिसे रण छेड़ सकें माँ , तुम वो चादर बसंती छोड़ गयीं 

माँ कल तुम चली गयीं इक आह सी दिल में छोड़ गयीं।


मौसम में कुछ खुश्की सी है, 

खबर है 

हिंद का स्वर्ग सुरक्षित है, दिल्ली ने दी है बधाई 


तिरंगों में लिपटी कुछ डोलियाँ आती हैं 

कुछ तोपें सलामी देती हैं 

कुछ बच्चे नारे लगाते हैं 


कुछ बच्चे नारे लगाते हैं 

कुछ माएँ ख़ामोश बैठी हैं 

कुछ माएँ ख़ामोश बैठी हैं ।


~ सौरभ जमशेदपुरी