देस और परदेस का द्वन्द.
जननी जन्मभूमिशच स्वर्गादपि गरीयसी (माँ और मातृभूमि स्वर्ग से भी उत्तम हैं) - भगवान् राम की ही तरह उनके ये अनमोल बोल हर भारतीय के दिल में बसते हैं, और जो सज्जन अपनी जननी और जन्मभूमि से दूर हैं उनके जीवन में ये शब्द कुछ ज्यादा ही महत्व रखते हैं.
कई साल हो गए हैं भारत छोड़े हुए, किन्तु ऐसा प्रतीत होता है जैसे सब कल की ही बात हो. दिल्ली और बम्बई के संघर्ष के दिन चल रहे हैं और अचानक से एक विदेशी संस्था से एक प्रस्ताव आया है विदेश में नौकरी करने का प्रस्ताव है. मैंने कभी सपने में भी कल्पना नहीं की थी कभी मुझे भारत से बाहर जाने का अवसर प्राप्त होगा, इसीलिए मैंने अपने पासपोर्ट का आवेदन नहीं भरा था. अब इसे भाग्य की विडम्बना कहिये या अपने देश में कुछ और दिन बिताने का सौभाग्य, इसी बहाने मुझे भारत में कुछ छ: महीने और रहने का अवसर मिला. भारत में बिताये हुए अपने वो अंतिम ३-४ महीने मेरे जीवन के सबसे सुखद पल हैं. आज भी याद हैं वो एक एक लम्हे. आज भी याद है वो दिन जब मैं टाटानगर से बम्बई के लिए रवाना हो रहा था ( मेरी उडान बम्बई से थी), टाटानगर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म मेरे सम्बन्धियों और सहपाठियों से भरा हुआ था. वो मित्रों का उत्साह, मेरे माता, पिता और दीदी की आंसुओं को छुपाती हुई गर्व से भरी हुई नम पलकें, बारह साल बीत गए हैं उस बात को, बस सब कल की ही बात है, ऐसा लगता है.
मेरा ऐसा मानना है की पूरी दुनिया में अगर भारत सा या भारत से बढ़कर कोई देस है तो वो है संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, जिसे हम USA या अमेरिका के नाम से भी जानते हैं. भारतीय लोकतंत्र मुझे अत्यंत प्रेरित करता है और अमरीकी लोकतंत्रात ये आगाह करता है की भारतीय लोकतंत्र अभी अपनी नवजात अवस्था में है. अगर भारत मेरी जन्मभूमि है तो अमेरिका मेरी कर्मभूमि. मुझ जैसे व्यक्तित्व वाले मनुष्य के लिए ये सबसे अच्छी जगह है, अमेरिका में वो सब कुछ है जो भारत में है, बल्कि उस से कुछ ज्यादा ही. अपना जीवन जीने की स्वतंत्रता, अपने विचारों को निर्भयता से अभिव्यक्त करने की स्वंत्रता, ना उंच-नीच का भेद, ना जाती-पात का वाद. अगर आपमें कर्मठता की क्षमता है, तो सफलता आपके द्वार पर आपका इंतज़ार करती है. पाठक मेरे शब्दों से यह न अनुमान लगायें की अब मेरा भारत के प्रति लगाव नहीं रहा. आज मैं अमेरिका में हूँ , किन्तु भारत या भारतीय सभ्यता और संस्कृति के प्रति मेरा प्रेम और ज्ञान भारत में रह रहे आम भारतीयओं से कम नहीं है, बल्कि कुछ ज्यादा ही.
कभी कभी सोचता हूँ तो अविस्वस्नीय सा लगता है, कहाँ गंगा के पावन किनारों पे रहने वाले बिहार के एक छोटे से गाँव, जहाँ आज भी बिजली नहीं आती, से आज अमेरिका जैसे विकसित देस में हूँ अपनी पत्नी और बच्चों के साथ. हाँ बस यही एक परिवर्तन है मेरे जीवन में, बारह वर्ष पहले मैं खुद एक बच्चा था, अब मेरी पत्नी है और हमारे दो बेटे हैं , बड़ा सात वर्ष का और छोटा पांच वर्ष का. न चाहते हुए भी मैं अक्सर तुलना कर बैठता हूँ अपने बचपन के दिनों से अपने बच्चों का बचपन. मैं बहुत सौभाग्यसाली था की मेरा बचपन एक संयुक्त परिवार में गुजरा, मैंने वहां बहुत कुछ सीखा, रिश्तों की पहचान सीखी, सभ्यता की मूल शिक्षा प्राप्त की, कभी कभी ऐसा लगता है की हमारे बच्चों को वो अवसर ही नहीं मिल पाया और कैसे उस कमी को पूरा करें. क्या भारत लौट चलें या फिर यहीं रहें और लगातार प्रयत्न करते रहें उनको अपनी सभ्यता और संस्कृति से अवगत कराने का.
और यही द्वन्द है हमारे प्रवासी जीवन का, कभी कभी ऐसा लगता है की कहीं ऐसा तो नहीं की हम अपने बच्चों का बचपन उनसे अलग कर रहे हैं, बच्चों को रिश्तों की पहचान नहीं दे पा रहें. हालाँकि हम प्रतिदिन पूरी कोशिश करतें हैं की अपने बच्चों को वो सभी शिक्षा दें. देस परदेस का ये द्वन्द शायद कभी न ख़त्म हो, परन्तु इस द्वन्द को हमारे मित्रों ने बहुत कुछ कम किया है, परदेस में हमने एक अपना परिवार बनाने की कोशीश की अपने मित्रों के साथ, हम हर पर्व त्यौहार को उतने ही उत्साह और गर्व से मनाते हैं. और मुझे बड़ा गर्व है की भारत से दूर रहकर भी हमने अपनी भारतीयता को कायम रखा है, मैं तो ये कहता हूँ की भारतीयता किसी एक देस या एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है ।
मेरी इन्हीं भावनाओं को मैं महाकवि श्री रामधारी सिंह "दिनकर" के शब्दों में व्यक्त करता हूँ.
"भारत नहीं स्थान का वाचक, गुण विशेष नर का है, एक देस का नहीं, शील यह भूमंडल भर का है
जहाँ कहीं एकता अखंडित, जहाँ प्रेम का स्वर है, देस देस में वहां खड़ा भारत जीवित भास्कर है"
जय हिंद ! जय हिंदी !

