रम्ज़ कर रहा है इश्क़, कुछ नए कमाल कर
आसमाँ को लाल कर गुलाल को उछाल कर

जोड़ियाँ बनाईं जिसने जाति धर्म देख कर
अर्थियाँ कहाँ रखी हैं इश्क़ की संभाल कर?

एक शख़्स जाते ही वो बावरी सी हो गई
खाती है वो लड़की खीर में अचार डाल कर

ऐ बदन के भूखे नर! ये बात ध्यान में रखो
लड़कियाँ नहीं है सोतीं बालियाँ निकाल कर

कर दिया था इश्क़ को हराम क़ायनात ने
छू के मुझको आज से तू इश्क़ को हलाल कर

ये शिक़ायतें कभी भी ख़त्म होंगी ही नहीं
कोसते रहेंगे लोग क़ब्र से निकाल कर