हमने जीना सीख लिया है


घर से रोटी चले कमाने,साथ में सपने कई सुहाने

जिनको हम साकार करेंगे,जग में अपना नाम करेंगे

यादों का संसार हमारा, जो हमको प्राणों से प्यारा

उन गलियों को छोड़ आए पर, व्यवधानों को तोड़ आए पर

मन ही मन को लूट रहा है, पीछे कुछ तो छूट रहा है

टूटे मन के उन धागों को बुनना-सीना सीख लिया है


हमने जीना सीख लिया है


तेरी खट्टी मीठी यादें,टूटी कसमें झूठे वादे

भूल भूलकर भूल न पाए,सुमनों ने जो शूल चुभाए

कभी तेरे अधरों के अमृत और तेरे नयनों की मदिरा

गालों के गुलाबरस पीकर,सारी दुनिया को मैं बिसरा

आज विदाई का विषप्याला,भी हमने हंसकर पी डाला

आंसू, अमृत,विष,मदिरा,मधु सबकुछ पीना सीख लिया है


हमने जीना सीख लिया है


तोड़ निराशा की चट्टानें, दृढ़ संकल्प जो हमने ठाने

कठिन डगर पर अडिग चलेंगे, चाहे छांव या धूप मिलेंगे

जीवन एक बहती धारा है,जिधर बहेगी,उधर बहेंगे

सपनों पर अंधेरी चादर, निशा डालकर कहेगी कादर

हम आशा का अरुणोदय कर, अपने अंतस के तम को हर

उज्ज्वल आंखें,शीश उठा,कर उभरा सीना सीख लिया है


हमने जीना सीख लिया है

-सर्वेश कुमार श्रीवास्तव