मुझसे कभी हुए ही नहीं 

तुम्हें आकर्षित करने के प्रपंच 

मुझे आया ही कभी

तुम्हें शृंगार करके रिझाना 

नये नये हथकंडों से तुम्हें

अपना बनाना

कभी बदल ही नहीं पायी ख़ुद को 

दुनिया के आधुनिक विस्तार में

इसके आडम्बर अनुसार 

जितना भी ख़ुद को बदला 

वो बस ….तुम्हारे लिए था

और मैं ….धीरे-धीरे भूल गई 

ख़ुद की ही पहचान 


याद है ना ?

एक दिन तुम्हीं कह बैठे थे 

कि कितना बदल गई हूँ मैं

आइना भी तब से यही कहता है 

और मैं 

शायद ख़ुद में ही कही 

किसी और को ढो रही हूँ। 

मैं अब ….मैं नहीं हूँ …कोई और हो रही हूँ 


सरिता डांगी #सरूँ