रे पुरुष!
कितना नीरस है तेरा होना
भौतिकता में नाचता यह संसार
संसार में हीरे का आंगन
आंगन में चमक
चमक में प्रतिबिंब
प्रतिबिंब में सोने के स्तम्भ
स्तम्भ के पीछे हँसी के ठहाके
हँसी में परिवार
परिवार में आवश्यकताएँ
आवश्यकताओं का दायित्व
ओ पुरुष !
दायित्व तुम्हारा
संघर्ष तुम्हारा
असफल मार्ग भी तुम्हारा
जिसे समाज नकार दे वो सब तुम्हारा
तुम किसके ?
उसके
जिसने
इन सबमें तुम्हें कभी अकेला नहीं छोड़ा ।

- शरद अल्फाज़ी