शीर्षक : मेरे बाबूजी


कवि : शरद अल्फाज़ी


मेरा तन जीवन्त जब दुनिया में आया होगा ,

फर्ज का भार लिए ! इक बाप मुस्कुराया होगा ।


कई उम्मीद कई ख्वाब मन में उपज आए होंगे,

मुझे जब पहली बार गोद में उठाया होगा ।


मुझमें नफ़स थी जान थी पर अहसास नहीं था ,

आहिस्ता ही मेरी उंगलियों को सहलाया होगा ।


कदम-कदम की बारी से मैं अंजान था जब ,

अपने जैसे ही राहों पर चलना सिखाया होगा ।


मेरा कद जब काब़िल नहीं था जमाने के कद में ,

भीड़ों में अक्सर मुझे कांधे पर बिठाया होगा ।


और बिठाकर उन्हीं कंधों पर उस फरिश्ते ने ,

मुझे जमाने का हर शामियाना दिखाया होगा ।


कई बार अपनी हथेली पर मेरी हथेली लेकर ,

सरेआम ! अपने बुढ़ापे का सहारा बताया होगा ।



                    ~ शरद ' अल्फाज़ी '