ये वही खिड़की थी जिसपर कभी सुहास के दिलों को अपने दामन में समेटे खत आकर गिरते थे ।
ये वही खिड़की थी जिसपर अर्णिका ने न जाने कितनी बार घण्टों इंतज़ार किया था सुहास का मुस्कुराता चेहरा देखने के लिए । यही खिड़की सबसे पहली गवाह बनी सुहास और अर्णिका की प्रेम कहानी की ।
सुहास देवपुर के एक साधारण से व्यवसायी का इकलौता बेटा था और इकलौती संतान भी । अर्णिका देवपुर के मुखिया की बेटी थी । सुहास पूरब तो अर्णिका पश्चिम थी पर शायद ईश्वर ने इसीलिए दुनिया गोल बनाई ताकि दोनों दिशाएँ कभी न कभी एक दूसरे के स्थान पर आ सकें ।
"ए बेटा आज दोपहर से पहले शहर जाकर बाकी सामान ले आना ।" देवकीनाथ दरवाजे से बाहर निकलते हुए अपने बेटे सुहास से बोले ।
अपनी साइकिल की पिछली घिरनी में तेल डालते हुए सुहास ने कहा, " हाँ बापू ! जरूर ले आऊँगा ।"
"अच्छा बता आज खाने में क्या बनाऊँ? तु क्या खाना चाहेगा? " बाहर की क्यारी से तुलसी की पत्ती तोड़ते हुए देवकीनाथ अपने बेटे से बोले ।
सुहास के आँखो के सामने पहिया घूमती ह
रही और रोज की तरह आज उसने फिर अपने पिता को मौन आँखों से देखा और रुँधे हुई आवाज में बोला, " मैं क्या बताऊँ बापू चावल ही बना लो घी से खा लेते हैं । "
देवकीनाथ अपने बेटे का पुराना उत्तर सुनकर थोड़ा मुस्कुराये और अंदर चले गए ।
घर के अंदर जाते हुए पिता में सुहास दो साल पहले गुजरी अपनी माँ को देख रहा था । देवकीनाथ पिछले दो सालों से अपनी आँखों में एक भयंकर तूफान रोककर अपने बेटे के लिए दिल खोलकर हँसते थे । अपने पिता की आसानी के लिए ही सुहास ने बारहवीं के बाद घर पर रहकर ही पढ़ाई करने का निर्णय लिया था ताकि अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बटा सके ।
सुबह की लालिमा सूरज के गाढ़ेपन में सूरजमुखी का आँचल ओढ़ चुकी थी और लगभग नौ बजे के आसपास गाँव के पूरब की तरफ मार्ग पर अपनी साइकिल पर सवार गुनगुनाते हुए सुहास शहर की ओर जा रहा था कि तभी उसे कुछ दूरी पर बने पंचायत घर से धुँआ उठता दिखाई दिया । उसने साइकिल उसी ओर दौड़ा दी ।
