हेलो एलेक्सा,
ज़रा बताना
कैसा है आज का मौसम
बाहर इस कमरे के अभी!
"काले बादल छाये हुये हैं
सुबह से ही,
दोपहर तक इन बादलों के
बरस जाने की प्रबल सम्भावना हैं...
एहतियातन घर से छाता लेकर निकलें!"
बहुत ख़ूब एलेक्सा...धन्यवाद!
पर सुनो एलेक्सा,
क्या इतनी ही
बख़ूबियत से बता सकोगी
मेरे भीतर
नितांत अंतस में
घट रहे मौसम का हाल भी?
मेरे दूसरे सवाल पर
एलेक्सा चुप रही,
शायद निरुत्तर सी है!
कुछ देर की चुप्पी के बाद
अलेक्सा पुनः बजाती है,
लूप में बज रहे ट्रैक को...
"वो जो था ख़्वाब सा
क्या कहें जाने दे
ये जो है कम से कम
ये रहे कि जाने दे!"
