कोई रूप नहीं बदलेगा सत्ता के सिंहासन का..
कोई अर्थ नहीं निकलेगा बार-बार निर्वाचन का..!
एक बड़ा ख़ूनी परिवर्तन होना बहुत जरुरी है..
अब तो भूखे पेटों का बागी होना मजबूरी है..!!
जागो कलम पुरोधा जागो मौसम का मजमून लिखो..
चम्बल की बागी बंदूकों को ही अब कानून लिखो..!
हर मजहब के लम्बे-लम्बे खून सने नाखून लिखो..
गलियाँ- गलियाँ बस्ती-बस्ती धुआं-गोलियां खून लिखो..!!
हम वो कलम नहीं हैं जो बिक जाती हों दरबारों में..
हम शब्दों की दीप- शिखा हैं अंधियारे चौबारों में..!
हम वाणी के मौर्यपूत हैं सच पर मरने वाले हैं..
डाकू को डाकू कहने की हिम्मत करने वाले हैं..!!
जब तक भोली जनता के अधरों पर डर के ताले हैं..
तब तक बनकर आम नागरिक हर दिन अलख जगायेंगे..!
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे..!!
अगवानी हर परिवर्तन की भेंट चढ़ी बदनामी की..
आपने "बाबू जी" के आँसू की भी नीलामी की..!
परिवर्तन की पतवारों से केवल एक निवेदन था..
भूखी मानवता को रोटी देने का आवेदन था..!!
अब तो रोज कहर के बादल फटते हैं झोपड़ियों पर..
कोई संसद बहस नहीं करती भूखी अंतड़ियों पर..!
अब भी महलों के पहरे हैं पगडण्डी की साँसों पर..
शोकसभाएं कहाँ हुई हैं मजदूरों की लाशों पर..!!
निर्धनता का खेल देखिये कालाहांडी में जाकर..
बेच रही है माँ बेटी को भूख प्यास से अकुलाकर..!
यहाँ बचपना और जवानी गम में रोज बुढ़ाती हैं..
माँ , बेटे की लाशों पर आँचल का कफ़न उढाती है..!!
जब तक बंद तिजोरी में मेहनतकश की आजादी है..
तब तक हम हर सिंहासन को अपराधी बतलायेंगे..!
बाग़ी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे...!!
सम्राट महान के सपनों का सारा भारत टूटे लेता है..
यहाँ चमन का माली खुद ही कलियाँ लुटे लेता है..!
निंदिया के आँचल में जब ये सारा जग सोता होगा..
राजघाट में चुपके -चुपके तब गाँधी रोता होगा..!!
हर चौराहे से आवाजें आती हैं संत्रासों की..
पूरा देश नजर आता है मंडी ताज़ा लाशों की..!
सिंहासन को चला रहे हैं नैतिकता के नारों से..
मदिरा की बदबू आती है संसद की दीवारों से...!!
जन-गण-मन ये पूछ रहा है दिल्ली की दीवारों से..
कब तक हम गोली खायें सरकारी पहरेदारों से..!
सिंहासन खुद ही शामिल है अब तो गुंडागर्दी में..
संविधान के हत्यारे हैं अब सरकारी वर्दी में..!!
जब तक लाशें पड़ी रहेंगी फुटपाथों की सर्दी में..
तब तक हम अपनी कविता के अंगारे दहकायेंगे..!
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे..!!