जात-पात का भेद न था
कुरान से लड़ता वेद न था
मस्जिद-मंदिर के न झगड़े थे
ना धर्म ने कर्म को जकड़े थे
भारत माँ के आंसू छलके भारत की बर्बादी पे
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।
ना अफीम - ए- धर्म के प्याले थे
सब वतन पे मरने वाले थे
हां दर्द बहुत था सहा हिन्द
पर ना बटा, एक था रहा हिन्द
बिस्मिल-अशफ़ाक़ ने मिलके गाड़े झंडे गोरो की छाती पे
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।
एक गाय कटी, सौ लोग कटें
भरी थाली खून के भोग चटे
अब गज़ब वक्त है आया जी
हो धर्म शख्त है आया जी
असगर-अखलाख का खून छपा है नेताजी के खादी पे
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।
हम एक थे जब थे बंधे हुए
लड़े जंग हर रंग में रंगे हुए
भले खीर-सेवई थी गुलामी की
पर अपनी तहज़ीब पुरानी थी
दाढ़ी वाले बाबा बोले आतंक बढ़ी है दाढ़ी से
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।
अगर भगत सिख जो हो जाते
खुदीराम जो हिन्दू हो जाता
जफर खान जो मुस्लिम हो जाते
तो क्या भारत आजादी पाता
धर्म धुआं बन हवा में उड़ता मंत्री जी के गाड़ी से
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।
सरकारों का आना-जाना जारी था और जारी है
सत्ता का ये खेल पुराना जारी था और जारी है
पर अब जो है ओ न तब था , लोकतंत्र
फिर भी मिलकर पढ़ते कलमा, और वेदमंत्र
सहिष्णुता है भारत की गहना ये बात सुनी थी गांधी से
एकता की गुलामी अच्छी थी इस टुकड़े की आजादी से ।

