दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं
हम लोग नयी खुशी से हर्षाने वाले हैं
दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।1।।
मैं तो ठहरा आलसी नींद मेरी कमजोरी
दिन भर सोता रहता हूँ क्योंकि नींद बची है थोड़ी
फिर दो नन्हें हाथ पूरी रात जगाने वाले हैं।
दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।2।।
एक नन्हीं कली हर रोज मेरे सपनों में आती है
अपने कोमल अधरों से मुझे पापा बुलाती है
शायद मेरे ये सपने सच हो जाने वाले हैं
दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।3।।
जिन्हें मिला सौभाग्य वो ये बात बताते हैं
छोटे से ये नटखट बड़े पाठ पढ़ाते हैं
मुझको भी ये पाठ जो पढ़ाने वाले हैं
वो दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।4।।
नहीं करूंगा भेद चाहे कृष्ण हो या राधा
क्यों करूं ऐसा आखिर हिस्सा है वो मेरा आधा।
मैं उसका वो मेरा भाग्य जगाने वाले हैं
दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।5।।
कर लिया वादा उसके हरदम रहूंगा साथ
कैसी भी हो मुश्किल चाहे हाथों में रखूंगा हाथ
ये सारे मन के भाव गुदगुदाने वाले हैं।
दो नन्हें कदम घर में मेरे आने वाले हैं।।6।।
-संजय कुमार शर्मा 'प्रेम'
