आज हँसी आयी भी तो अपने ही हाल पर आँसू झलक के आ गये मेरे रुमाल पर दुलारती वो आईने से आयी नजर मुझको। या हाथ मैंने फेरा है अपने ही गाल पर आज हँसी आयी भी तो अपने ही हाल पर।।1।। यादों की रात बाकी है क्यों चांद बुझ गया कुछ पूछना था मुझको, कहाँ वो छुप गया। आयी हँसी सबको, मेरे इस मलाल पर आज हँसी आयी भी तो अपने ही हाल पर।।2।। राहों की मुश्किल है या ईरादा नहीं पक्का मन नहीं चलने का फिर क्यों दे रहे धक्का। खिलखिलादी जोर से वो इस सवाल पर आज हँसी आयी भी तो अपने ही हाल पर।।3।। आँखों ही आँखों में बहाने कर गई हजार ले के सहारा जुल्फों का करने लगी इकरार। मर मिटा हूं मैं हसीं नजरों की चाल पर आज हँसी आयी भी तो अपने ही हाल पर।।4।।
—संजय कुमार शर्मा 'प्रेम’
