कुछ आँसुओं में बह गये, कुछ जुबां से उतर गये,
तुम गए तो लफ्ज़ भी, दर-बदर बिखर गये।
बिसरे हर्फ़ समेटकर, कुछ लिखना भी चाहा मगर,
तेरा नाम जहन में आते ही, हाथ ये मुकर गये।
कल रात मैंने चाँद को, तेरा किस्सा क्या सुना दिया,
सुबह शबनम ऐसी बरसी, फूलों के रंग निखर गये।
इस शहर की भीड़ में, हर शख्स बेगाना लगता है,
मुझको अपना कहने वाले, लोग न जाने किधर गये।
सुना है कि वक़्त कभी रुकता नहीं किसी के लिये,
हम तो उनकी आरजू में, बरसों यूँ हीं ठहर गये।
तुम मेरे वो सारे खत और तस्वीरें जला देना,
कोई पूछे तो कहना कुछ जज़्बात थे जो मर गये।
-संजू
