हे स्त्रियों,

इस सावन तुम,

मत मांगना शिव से,

योग्य पुरुष का वरदान।

तुम मांगना,

पुरुष प्रधान,

इस समाज में,

अपने लिए सम्मान।

तुम मत मांगना कोमलांग,

न रूप का उजाला मांगना,

तुम हाथों में शक्ति और,

आंखों में ज्वाला मांगना।

तुम गांडीव मांगना,

चक्र सुदर्शन मांगना,

तुम अपनी आवाज में,

सिंह की गर्जन मांगना।

तुमको अबला समझ जो,

चाहे तुम्हें लज्जित करना,

इस तीज उसके रक्त से,

हाथ अपने सुसज्जित करना।

कोई छू न सके जिसे कभी,

वो मृगतृष्णा बनो तुम,

हर एक दुशासन के लिए,

अब स्वयं कृष्णा बनो तुम।

#सं_जू