सूद मिलता नहीं बचाने से
प्यार बढ़ता है तो लुटाने से
बेवजह या कोई बहाने से
रो ही देता हूं उनके आने से
एक से दिखते है शहर के लोग
थक के आये हो कारखाने से
फिर भी बेटे को चूमती है माँ
अब ही लाई छुड़ा के थाने से
क्या छुपाओगे दोस्तों से दर्द
जल्द पहचाने जो छुपाने से
राजगद्दी से कम नहीं वो जीत
जो मिले खुद ही को हराने से
ये उदासी भी पल में जाएगी
मीर की गज़ले गुनगुनाने से
इसलिए ही अकेला हूं शायद
बच के रहते है सब दीवाने से
संदीप पुजारा

