थाल सजा निज भाल का आओ करें आरती, 
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।

दंभ भरी सेना पार सरहदों से ललकारती,
मानो टोली नागों की फन फैलाए फुंकारती,
तुम ही हो पार्थ इसके और तुम्हीं कृष्ण सारथी,
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।

उठे दहल शत्रु का दल चिंघाड़ सा प्रतिनाद हो,
यूं तान लो नसें अपनी कि टंकार सा इक नाद हो,
उठे गूंज गगन से अब सिंहवाहिनी जयकार की,
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।

है नमन उनको जो जीवन अपना धन्य कर चले,
वसुंधरा के चरणों में निज प्राण आज धर चले,
उद्यत अब बलिदान वेदी हमारी राह निहारती,
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।

बाद हमारे काफिले और प्राण निज लुटाते चलें,
मातृभूमि के चरणों में भेंट शीश नित चढ़ाते रहें,
हो कभी न वीरान राह प्रण यही है मांगती,
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।

मरने के बाद भी मेरे जिस्म की यही आस हो,
मां के आंचल में ही लिपटे मेरी लाश हो,
तिरंगे की पोशाक ही लाश को संवारती,
उठो चलो पुकारती है आज मां भारती ।।


समकित जैन "सारिकेय"