मैं अजर , मैं अमर , मैं ही अखण्ड ज्योत का ज्वाला हूँ,
मैं ही ईश्वर, मैं हूं अनश्वर, मैं मनश्वर कभी न मरने वाला हूँ ।
मैं ही दिवाकर , मै ही सुधाकर , मैं ही पुष्कर का ध्रुव तारा हूँ,
मैं ही निर्मल पावन नक्षत्र, नवग्रह धारण करने वाला हूं ।
मैं ही विधाता, मैं ही बचाता, मैं ही तांडव रचने वाला हूं ,
मैं ब्रह्म ज्ञान ब्रह्मा का हूं, मैं ही बुद्धि हरने वाला हूं ।
मैं ओमकार से गुंजायमान मैं अंतरिक्ष का केंद्रबिंदु हूं
मैं सत्य सनातन परंपरा , मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
मैं ही पिनाक शिवशंकर का, मैं ही सारंग विष्णु का हूं,
मैं ही फरसा परशुराम का, मैं ही गांडीव जिष्णु का हूं ।
नाग फन पर नटराज मैं, मैं ही यम से भिड़ने वाला हूं,
भल्लाट का ललाट चीर, मैं सिंह के दांत गिनने वाला हूं ।
मैं चंद्रहास, मैं सूर्यहास, मैं रुद्रकिरतिमुख धारी हूं,
मैं ही चक्र सुदर्शन हूं , मैं ही कौमोदकी बलशाली हूं ।
हिरण्यकश्यप की छाती चीर, पीता मैं रक्त विंदू हूं,
मैं सत्य सनातन परंपरा ,मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
मैं ही सुर-माता अदिति , मैं ही सीता की पावन कहानी हूं ,
मैं ही दुर्गा का हूं प्रकोप, मैं ही सरस्वती की मधुर वाणी हूं ।
मैं ही अहिल्या की प्रतिक्षा हूं , मैं शबरी की प्रेम सरिता हूं ,
मैं ही केवट की नवधा भक्ति , मैं ही निषाद की मित्रता हूं ।
मैं ही राधा की प्रेम शुचिता, मैं ही रुक्मणि की आराधना हूं ,
मैं ही द्रौपदी के धागे की आन, मैं ही मीरा की प्रार्थना हूं ।
हर हर महादेव नारे से शोभित, लक्ष्मी बाई का मुखारविंद हूं ,
मैं सत्य सनातन परंपरा मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
मैं तलवारों की धारों में, इस वसुंधरा की आशा हूं ,
मैं शत्रु दल की आंखों में, बसने वाली तहाशा हूं ।
मैं ही चेतक महाराणा का मैं ही बाघ-नख शिवाजी का हूं,
मैं ललकारी गर्जन चेन्नम्मा का, मैं ही अलख चिताओं का हूं ।
मैं ही मरघट की चीख पुकार, मैं ही वेदों की भाषा हूं ,
मैं ही रण का हूं कोलाहल, मैं ही गीता की परिभाषा हूं ।
मैं मातृ सेवा में समर्पित ,क्षत्रिय छाती का रक्त-सिंधु हूं
मैं सत्य सनातन परंपरा मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
मैं शांति का उपासक हूं, मैं संयम की पराकाष्ठा हूं ,
महावीर का तप हूं मैं, मैं ही बुद्ध की जिज्ञासा हूं ।
मैं गोरखनाथ का तेजपुंज, मैं ही पतंजलि का योग ज्ञान हूं ,
मैं संत कबीर की कविता हूं मैं ही नानक का नव विधान हूं ।
मैं पतंजलि का योगसूत्र, मैं ही शंकराचार्य का वैदिक मूल ,
मैं रामकृष्ण का मानव मूल्य, मैं ही विवेकानंद का प्रगति सूत्र ।
मैं मानव उत्थान की पर्याय, मैं ही शिवनगरी का सेतु हूं
मैं सत्य सनातन परंपरा मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
शौर्य की यश गाथा का, मैं ही मुखडा - अंतरा हूं ,
मैं ही विजय के छ्न्द - मुक्तक, मैं ही इसकी कविता हूं ।
मैं जौहर की अग्नि शिखा, जिसमे तपती हैं कुर्बानी ,
चुम्बन हूं मैं उस फंदे का जिसको पहनते हैं बलिदानी ।
मैं गांधी का अहिंसक पाठ, मैं सावरकर की क्रान्ति हूं
मैं श्यामाप्रसाद का कश्मीर संघर्ष, जे पी की जनक्रान्ति हूं
मैं कश्मीर की घाटी में बहती रक्तधारा का विंदू हूं
मैं सत्य सनातन परंपरा , मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
जब असंख्य युग प्रलय में थे तब का मैं वर्तमान हूं ,
ऊर्ध्व-मध्य-अधो लोक में शाश्वत, सदा से मैं विद्यमान हूं ।
मैं पाठ हूं मानव मूल्यों का ,नीति शास्त्र का परिचायक हूं ,
अहिंसा परमो धर्म का प्रवर्तक क्षमाभाव का मैं उन्नायक हूं ।
मैं प्रकृति का आधार स्तंभ, मैं ही सतयुग का प्रारंभ हूं ,
मैं ही त्रेता द्वापर कलयुग, मैं ही प्रलय पश्चात आरंभ हूं ।
मैं बिंदु-बिंदु हर कण-कण में , मैं ही लोकाकाश सिंधु हूं ,
मैं सत्य सनातन परंपरा, मैं अनादि-निधन हिंदू हूं ।
~ समकित जैन "सारिकेय"

