मेरे तन्हाइयों से भरे पल में अब,
और दिलासाएं देकर न जाइए ।
गिरकर उठना सीख लिया है मैंने,
आप गिरा कर मुझे फिर बढ़ जाइए ।।
मेरा दिल है तुम्हारे खिलौनों सा,
टूटे दिल, पर जरा भी न घबराइए,
करके मायूस खुद को न बैठो सनम,
आइए, खेलिए, फिर चले जाइए ,
भावों के अर्पित फूलों की लाश पर
कदम रखिए अपने और कुचल जाइए ।।
मेरे तन्हाइयों से भरे पल में अब....
और दिलासाएं देकर न जाइए ।।
आप तो इस खेल में माहिर हैं
हसरतें सारी, अपनी मिटा जाइए
बना कर अपना मुझे बस इक शाम के लिए
सुबह होते ही फिर भूल जाइए
बेवफा तुम मुझको बता कर सनम,
बेदाग अपना दामन ले जाइए ।।
मेरे तन्हाइयो से भरे पल में अब....
और दिलासाएं देकर न जाइए ।।
समकित जैन "सारिकेय"

