लिखा है खत में गाँव ने

घर आने को बस जाने को

लिखकर मेरे बचपन को

मुझे यादों से समझाने को

कहे जरा सी याद नहीं क्या

बीते गुजरे बचपन की

दिन भर पेड़ों से लिपटे रहना

और उमर बताना पचपन की

कभी औंधे मुँह गिर पड़े जो

लात मारना पत्थर को

या खेतों से अम्मा के संग

ले आना बाँधे गट्ठर को

या फिर याद न हो अगर

माता पिता की भीषण मार

दादा के गोद में छिप जाना

औऱ उनका तुमपर अनमिट प्यार

अंत में शायद भर आया वो

बस इतने में ही खत छोड़ दिया

मेरी बचपन की यादों का इक

जीवंत दृश्य सा जोड़ दिया