एक सीपी... समंदर के तल पर ठहरी आग़ोश में अपने छुपाये मोती को विकट समस्या उस पर आन घिरी जब बैठी थी वो झुकाये पलकों को

कुछ ज़ालिम सी लहरें थी वो जिनकी उस पर नज़र पड़ी उठाया उसे बेहद बेदर्दी से और साहिल पे सीपी आन गिरी

लौटती लहरें मन में बड़ी इतरायीं सोचा सीपी की कथा खत्म हुई काफ़िर खारी लहरें क्या जाने मोती की कहानी अब शुरू हुई

आँखे खोली सीपी ने जब खुद को धरती पर पाया मोती का जन्म हुआ था जग सारा बलाएं लेने आया

न सीपी ने , न मोती ने फिर मुड़ कर देखा उन लहरों को चल पड़े थे वो नए सफर में थी असल पहचान मिली उनको

जीवन में ऐसा ही तो होता है जब अनपेक्षित से पल घटते हैं तोड़ पिंजरा नयी उड़ान हम नए वेग, नए पंख से भरते हैं

मोती......मन , सीपी .....हम कितनी समानता रखते हैं वक़्त की जब जब चोट लगे तो नयी कहानी लिखते हैं और नया इतिहास हम रचते हैं....!!