क्यों मुल्क़ मेरा परेशान दिखाई देता है, हर बाशिंदा हैरानदिखाई देता है।
है सबकी परेशानी अपनी-अपनी फिर भी, मुझमें शक का सामान दिखाई देता है।
इस मुल्क़ की हिफाजत जिन हाथों में सौंपी है,
बस वो ही मुझे मेहमान दिखाई देता है।।
दंगो में जान गंवाई लोगों ने हर दम, क्या तेरा क्या मेरा हर घर में मातम।
माँ बाप किसी ने भाई अपना खो डाला, मज़हब की सियासत ने मोहब्बत धो डाला।
हिन्दू है तो मुस्लिम है कहीं मारने वाला,
मुझे हर मुर्दा इंसान दिखाई देता है।।
लो इसका नही ऐलान अभी से करता हूँ, मज़हब के ज़मीदारों से क्या मैं डरता हूँ।
न मुझको मिला मंदिर-मस्जिद में दंगाई, हो ख़ैर सभी की यही दुआएं करता हूँ।
कहना हो तो मोमिन कह लो या काफिर ही,
मुझे सज़दे में भगवान दिखाई देता है।।
वो लोग हमारी मुल्क़ परस्ती क्या जानें, इसी खाक़ से करते हम तयम्मुम क्या जानें।
हर बूँद पे लिखा है लहू के हिन्दुस्तान, हो जिनके दिलों में बसा जहन्नुम क्या जानें।
क्या गज़ब है उनकी आँखों का चश्मा सादिक़,
उन्हें ये दिल पाकिस्तान दिखाई देता है।।