क्या तुम जानते हो बारिश में भीगना किसे कहते हैं?
या जानते हो बारिश में भीगना कैसा है?
मैं कोई उत्तर नही दे सकता!
कभी तेज बारिश में
कभी धीमी बारिश में
वक्तन फवक्तन ज़रा ठहर ठहर कर होती बारिश में तुम बस खड़े रह जाना
मैं कोई दावा नही करता, बस गुमान है की तुम समझ जाओगे।
मगर ठहर कर, बारिश भी एक मुआम्मा है
हर कोई नहीं समझता
उनसे पूछो जो भीगे है,
तो कहेंगे, पानी की बारिश कोई बारिश है भला
बारिश तो प्रेम है,
क्रोध है
हार है
हृदय की प्रफुलता भी बारिश ही है
बात तो तुम्हारी अंतरात्मा से है
व्याकुल मन केवल भीगना जानता है
भीगने के भाव को नही
अशांत मन पर महज़ बूंदें गिरती है
गिरती बूंदों के साथ उनके भाव नही गिरते
मैं भीगा हूं कई बारिशों में,
कई बार तन्हा अकेला विजय नगर और हडसन के रास्ते में खड़े बरगद की तरह
कई बार भीड़ में भी तनहा !
हर बार मैंने खुद को हारा हुआ ही पाया है
हर बार मैंने बादलों में निराशा ही देखी है
मगर हर बार मैं अपराजित ही रहा हूं
क्योंकि मेरा ध्यान, फक्त बारिश मैं भीगने पर नही था
बादलों के छटने पर भी था।
बारिशों में कई रोग हुए मुझे
विरह उनमें सब से बड़ा था
पर यह अभिशाप था या आशीर्वाद , यह निर्णय अभी बचा हुआ है
और फिर बारिश में भीगने को मन उत्तेजित हो उठा है
