चहक से अपनी मेरे दिल को रिझाने वाले,
उड़ चुके सब परिन्दे मेरी छत पे आने वाले ।
नुमाइश-ए - हालात कर मैं रोऊँ तो किस तरह,
महफ़िल में अब बचे हैं बस ताली बजाने वाले ।
खुद बेवफाई के वो दिखाने लगे हैं रंग,
वादे वफ़ा की बातें मुझको सिखाने वाले ।
रुकता नहीं है ज़ख्म गहराने का सिलसिला,
खंज़र उठाये फिर रहे हैं मरहम लगाने वाले ।
हालात की मझधार में मैं फंसता ही जा रहा,
और हँस रहे हैं मुझपे मुझको डुबाने वाले ।
हाल-ए-दिल-ए-राज अब तुम से क्या कहूँ,
होते नहीं ये किस्से सबको सुनाने वाले ॥
