(उन्नति की ओर तेजी से अग्रसर आज का मनुष्य सुख
सुविधाओं से युक्त अपनी स्वार्थ पूर्ती के लिए प्रकृति के साथ
खिलवाड़ कर रहा है ।
उत्तराखंड राज्य में आई भीषण आपदा से प्रेरित
इस कविता के माध्यम से लेखक समाज का ध्यान
इस विनाश लीला के एक मुख्य कारण की ओर
आकर्षित करना चाहता है।
आपदा से प्रभावित लोगों से लेखक को पूर्ण सहानुभूति है
और वह ये कामना करता है की ईश्वर आपदा में हताहत
हुई पूण्य आत्माओं को शांति प्रदान करे।)
-------------------------------------------------------------
-------------------------------------------------------------
मेरा आशियाना ताश के पत्तों के जैसे ढह गया,
कुछ यूँ मेरे घर पे क़यामत बन कर गिरी थी बिजलियाँ।
गुजरी जो मेरे गाँव से तो गाँव सारा बह गया,
दूर से जो खुशनुमा सी लग रही थी बदलियाँ।
सूखे झील, नल, ताल सारे एकटक सा देखता,
सोचता था कब ख़त्म होंगी ये आखिर गरमियाँ।
मैं इसी उम्मीद में था रहम-ए-खुदा हो जायेगा,
पर सितम उसका हुआ कि छोड़ दी सब नर्मियाँ।
पहाड़ काट सड़कें बनायी, पेड़ काटे घर बना,
नदियों की धारा रोक कर उनसे बनायी बिजलियाँ।
खिलवाड़ कुदरत से सदा करता रहा नादान था,
क्या पता था इस तरह से वो करेगी सख्तियाँ।
हाथ में चप्पू था मेरे बस ये भ्रम मुझको रहा,
पर लहर ही खे रही थी ज़िन्दगी की किश्तियाँ।
अब समझ आया की इसकी डोर तेरे हाथ में,
हम सभी इंसान तो बस काठ की हैं पुतलियाँ।
हर ओर लाशों का है डेरा और मरघट का धुआँ,
दीखती हैं दूर तक बस मातमी सी झलकियाँ।
आज अपने हाल पर भी रो नहीं सकता हूँ मैं,
राज की आँखे हैं नम और लबों पर सिसकियाँ।