अँधेरे को मिटाना चाहती हूँ।
कोई दीपक जलाना चाहती हूँ।
है चिंगारी अभी सीने में बाकी,
जलाकर जगमगाना चाहती हूँ।
छलेंगे कब तलक हमको अँधेरे,
उन्हें जलकर जलाना चाहती हूँ।
मिटे मन का कुहासा, शोर मन का,
तराना गुनगुनाना चाहती हूँ।
मिरे हिस्से में चाँद आये, न आये,
सितारों टिमटिमाना चाहती हूँ।
ये तारें झिलमिलाते हैं गगन में,
जमीं को चमचमाना चाहती हूँ।
कसौटी हो मेरे गीतों की तुम ही,
तुम्हें मिलकर बताना चाहती हूँ।
कि रंगोली बनाना 'सायबा' तुम
मै दीवाली मनाना चाहती हूँ।
संवेदिता
1 2 2 2 1 2 2 2 1 2 2

