माँ मुझे आंचल में छिपा ले 

इन रातों से डर मुझे लगता है 

दिन को जब थक हार बैठता हूँ 

घर आने को जी करता है.. 


याद मुझे है वो तपती दोपहरी 

जब मन में लालच जागा था 

तेरा हाथ झटक कर के 

उस अनजान का हाथ संभाला था.. 


खेल-खिलौने और मिठाई, माँ उसने मुझे दिलवाये थे 

तेरे लिए भी हम, माँ बनारसी साड़ी खरीद के लाये थे 

सोचा था तुझे भेंट करूँगा चेहरे पर तेरे मुस्कान धरुंगा 

उस वक्त का सच में माँ उत्साह निराला था 

अब समझ में आया मुझको वो तो झूठा मिट्टी का प्याला था 


बुना गया जो जाल मकड़ी सा 

उसमें जा मैं फंस चुका था 

नन्हा सा बच्चा ही तो था मैं 

खिलौनों के बोझ तले अब थक चुका था 


जिद जो करने लगा मैं वापस आने की 

कहा उस अजनबी ने मुझको, खरीद लेते माँ के लिए कुछ चूड़ियाँ धानी सी 

मान उसकी बात में थका -हारा चलता रहा 

तू जो नहीं थी साथ तो गोद में लेने की ज़िद मन ही मन करता रहा 


ले पंहुचा वो मुझको ना जाने कौन किनारे पे 

पकड़ी कलाई छोड़ मेरी, उसने फेंक दिया ना जाने किसके द्वारे पे 

इंसान भेष में वो मुझको इक राक्षस से लगते थे 

मैं पड़ा हुआ था दहलीज पे, वो मुझको एकटक तकते थे 


एक कर्कश आवाज़ ने ध्यान मेरा भटकाया था 

वो आ बैठा था कुर्सी पर उसने मुझको पास बुलाया था 

गाल चूम कर मेरा उसने, हीरा मुझे बताया था 

लगा बोलने जाने की जो, माँ उसने एक थप्पड़ भी लगाया था 


माँ मुझे आंचल में छिपा ले 

इन रातों से डर मुझे लगता है 

दिन को जब थक हार बैठता हूँ 

घर आने को जी करता है.. 


डाल कोठरी में वो मुझको कई काम सिखाते थे 

आनाकानी करने पे वो मार बहुत लगाते थे 

एक काम के करने पर वो आधी रोटी देते थे 

कभी-कभी तो हम बिन खाये ही सोते थे 


तुझे शायद पता नहीं पर मैं जानबूझकर भागा था 

खुशियों का सौदा नहीं वो तो मौत का तमाशा था 

दीवाली पर जिन पटाकों से मैं हरदम दूर भागता था 

माँ मैं उनको आज बनाता हूँ 

डर लगता है मुझको फिर भी मैं बारूद में नहाता हूँ 

क्या माँ, मैं आज भी तुझे याद आता हूँ?? 


तेरा हाथ छोड़ भागना गलती नहीं अभिशाप था 

तेरा आँचल ही महफूज और पाक था 


माँ मुझे आंचल में छिपा ले 

इन रातों से डर मुझे लगता है 

दिन को जब थक हार बैठता हूँ 

घर आने को जी करता है.. 


रुपाली यादव ©