जब वज्र सा सायक चला,तब शत्रु दल चिल्ला उठा,
माँ भारती का लाडला,रण में प्रलय बन ढा उठा।
जब छाती पर खंज़र लगा, वो वीर हँसकर गिर पड़ा
अंतिम सांस तक वो सूरमा,यमराज से भी लड़ पड़ा।
रोई न माँ उसने उठाया, हाथ में जो रक्त था,
मस्तक लगाया सुत के, वो अद्भुत चरम वो वक्त था।
प्रतिशोध की ज्वाला उठी, अंबर विकल थर्रा गया,
बलिदान का गाकर भजन, इतिहास भी मुस्का गया।
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
