पुराने वस्त्रों ने मुझसे पूछा -

नए कपड़े लेने पर क्यों

मुझे एक कोने में डाल देते हो

कईं दिनों तक मुझे देखते नहीं

किसी को देते भी नहीं..बस

यूंही रखकर संभाल लेते हो..

कभी मैं भी तुम्हारे खास दिनों

का हिस्सा हुआ करता था

अब घर का पाताल देते हो..

हवा नहीं प्रकाश नहीं

त्वचा की जगह

अनगिनत सवाल देते हो

उपयोगी तो मैं अब भी हूॅं

किसी न किसी के लिए

किसी न किसी रूप में

तुम बस अपना निर्णय

मेरे विषय में टाल देते हो..