चुप्पियां जो बोल सकती तो क्या होता

नक़ाबपोश दुनिया का पर्दाफ़ाश होता

सन्नाटे जो सुन सकते तो क्या होता

मन में क़ैद जज़्बातों का विलाप होता


अंतर्मन जो पढ़ सकते तो क्या होता

एहसासों के क़त्ल का संताप होता

भावनाएं जो दिख सकती तो क्या होता

नज़रों का नज़रों पर आघात होता


कलम जो चीख सकती तो क्या होता

लफ़्ज़ों की पीड़ा का आभास होता

स्याही जो बिलख सकती तो क्या होता

भावों की सिसकियों का एहसास होता


दिल जो खोल सकते तो क्या होता

अपनी ही गलतियों का पश्चाताप होता

मन जो टटोल सकते तो क्या होता

ख़ुद से ख़ुद का मिलाप होता


सोचती हूं जो ऐसा होता तो क्या होता

सोचती हूं जो वैसा होता तो क्या होता

✍️✍️