मैं हिन्दी हूँ ,

कब से चुप हू्ँ ।

आज कुछ कहना चाहती हूँ

मैं साहित्य का प्रवाह हूँ ,

कश्मीर से कन्याकुमारी तक 

अविरल बहना चाहती हूँ ।


मैं हिन्दी हूँ ,

भारत का हर शिशु मेरी संतान है ।

महत्व मातृभाषा का

उनको समझाना चाहती हूँ ।

मैं केवल नियमों में बंधी राजभाषा नही,

राष्ट्रभाषा बनकर

सम्पूर्ण राष्ट्र से मिलना चाहती हूँ ।

 

मैं हिन्दी हूँ ,

हिन्दुस्तान के हर आँगन में

हिन्दी का ध्वज लहराना चाहती हूँ ।

स्वर और व्यंजन की

अक्षत वर्ण माला से

भाषा, लेखन और उच्चारण का

स्तर ऊँचा उठाना चाहती हूँ ।


मैं हिन्दी हूँ ,

साहित्य और संस्कृति की

अमिट पहचान हूँ ।

अपनी दुर्दशा नही ,

भारत के जन गण मन में

अपना आदर सम्मान चाहती हूँ ।

 

मैं हिन्दी हूँ ,

केवल कक्षा आठ तक पढ़ाय

जाने वाला एक विषय नहीं ,

अपितु स्नातकोत्तर

विद्यार्थियों के ज्ञान का आधार

बनना चाहती हूँ ।


मैं अंग्रेज़ी के शब्दों में उलझे

हर जन से यह आवाहन

करना चाहती हूँ ,

हिन्दी में हस्ताक्षर करना करें आरम्भ,

हिन्दी को उसका गौरव

वापिस दिलवाना चाहती हूँ । 


जो भूल गए है प्रेमचंद, पंत, निराला ,

प्रसाद और भारतेंदु को

उनको साहित्य की अपार धरोहर

लौटाना चाहतीं हूँ ।

मेघदूत, शकुन्तला का परिचय

नव पीढ़ी से करवाना चाहती हूँ ।


मैं हिन्दी हूँ ,

अज्ञेय, नागार्जुन और महादेवी

का अपमान नहीं सहना चाहती हूँ ।

और कब तक चुप रहूँ ?

आज कुछ कहना चाहती हूँ ,

अपनी ही संतान से वापिस

अपना सम्मान चाहती हूँ ।


राकेश की कलम से

@rakeshmalhotra

Rakesh Malhotra