चुप रहने से क्या होगा


चुप रहने से क्या होगा , कुछ तो बोलना होगा I

आँखों पर पट्टी बांधे रहने से, तो हर युग में दुर्योधन ही पैदा होगा I


कोई अफसर, तो कोई अभिनेता, कोई साधु,-बाबा, तो कोई नेता I

सफेदपोश चेहरों की आड में, कब तक धोखा होगा I

सांप जो आस्तीन में छुपे बैठे है, उजागर कैसे उनका मुखौटा होगा I


शर्मसार पुरुषार्थ को कर के जो लौटा है घर को,

खाना माँ ने कैसे उसे परोसा होगा I 

आत्मा को झकझोरना होगा ,

संवेदनहीन समाज को अब मुँह खोलना होगा I


अपमानित है अस्मिता अपनी, कथनी से क्यों भिन्न है करनी ?

कौन लेगा जिम्मेदारी, निर्भय कैसे होगी नारी ?

कैसे उसे भरोसा होगा ? फिर उसके साथ न ऐसा होगा,

वचन कौन रक्षा का देगा, कृष्ण कौन कलयुग में होगा ?


आरोप -प्रत्यारोप और दोषारोपण, क्या इसका हल होगा ?

चुनौती को पीठ दिखाने से, आहत तो मनोबल ही होगा I

चुप रहना तो दमन करने वालो को ही बल देगा

तटस्थता और मौन से न्याय कैसे सफल होगा ?


क्या नशेबाजी, फैशन-परस्ती, और शान-ओ-शौकत

ही सभय समाज का सलीका होगा ?

दुराचार, अनैतिकता, शोषण और उत्पीड़नको नष्ट करने का

कोई तो एक तरीका होगा ?


जल्द ही अब कुछ करना होगा, शोषण का फन कुचलना होगा I

संस्कारो को तोलना होगा, अन्तर्मन को टटोलना होगा 

नारी को आत्म-सम्मान दिलाना होगा, कोख का ऋण तो चुकाना होगा I


~राकेश की कलम से ~