हर सुबह जब आप जागते हैं और देखते हैं कि ओस की हर बूँद और सूरज की हर किरण में प्रेम की छवि है । पंछियों की चहचहाहट, पत्तियों की सरसराहट में प्रेम का संदेश है । आप फूलों की महक, और भोर की विभोर ताजगी में प्रेम को अनुभव करते है ।आप प्रतिदिन नये सपने बुनते हैं नए रास्ते ढूँढते हैं । यह उत्साह और ऊर्जा ही वैलेंटाइन है।
सरगम के सातों सुरों में प्यार है, संगीत में बहार है। नृत्य में सोलह श्रृंगार है, कला में, कविता में, भाषा में स्नेह का ही संचार है। मेरी दृष्टि में सम्पूर्ण सृष्टि और प्रकृति ही वैलेंटाइन है। वसुंधरा सदैव से ही प्रेम और अपनत्व का प्रतिनिधित्व करती है। प्रकृति अपनी सुंदरता और गुणों से अभिभूत हैं और इसके कण कण में प्रेम और ममत्व है।
देश मेरा वैलेंटाइन है, देवत्व मेरा वैलेंटाइन है, ज्ञान मेरा वैलेंटाइन है । ह्रदय में प्रेम और मुख पर मुस्कुराहट ही वैलेंटाइन है। और यदि ऐसा है तो वैलेंटाइन डे आपके लिए वरदान है। मुझे ऐसा लगता है - हर दिन ही वैलेंटाइन डे है ।
राकेश की क़लम से
@Rakesh Malhotra
![365 दिन वैलेंटाइन डे। [ 365 Days Valentine's Day ]](https://kavishalalab-new.s3.ap-south-1.amazonaws.com/post_pics/%40rmalhotra/365-dina-vailentaina-de-365-days-valentines-day/93F6C824-6349-4C4D-9946-34.jpeg)