चेहरे की झुरियां
झेले गए अवसादों
और विषादों को
बताने का पैमाना
भर रह गईं है
बालों की सफेदी
सिर पर उठाई गई
जिम्मेदारियों को
दिखाने का बहाना
भर रह गई है
अब नहीं कहते है
बाल धूप में सफेद
नही किए है
नहीं कहते चेहरे की
झुर्रियां हमारे
अनुभव को चिन्हित
करती हैं।
यह सुझाव है या
परोक्ष चेतावनी
उन्हे मजबूर करने की
कि वो हमें भी सुने ,
हमारी उपस्थिति को
घर में कहीं तो
दर्ज करें ,
हम क्षीण होती
काया का ,
बालों की ढलती
छाया का
चेहरे पर गहराती
झुर्रियों का ,
मद्धम पड़ती
रोशनी का सौदा
करते है
डरते हैं कहीं अकेले
न हो जाए
तेज भागती इस दुनिया
में कहीं खो न जाए।
घुमाया है जिन्हे
कंधे पर बिठाकर
उनके सामने ही
पराजित न हो जाए।
- राजयोग

