मातृ भाषा - मेरी जननी
 
मातृ भाषा जननी से भी सर्वोच्च है
फिर क्यों इसके प्रयोग में संकोच है
भाषाओं के लिए प्रयुक्त संकेतों
में भी कितना मतभेद है
हिंदी  निकृष्ट और अंग्रेजी सर्वश्रेष्ठ  है
हाथ का अंगूठा हिंदी के लिए नीचे 
और अंग्रेजी के लिए उपर को जाता है 
पता नही पुत्र अपनी मां को त्याग
दूसरे की मां को क्यों अपनाता है
दी जिसने इसके भावों को अभिव्यक्ति
छोड़ उस जननी को पराई भाषा 
की गुलामी जीवन भर  निभाता है
मान अपने  को आधुनिकता का
पुरोधा , विदेशी भाषाओं के सहारे
ही  जीवन अपना सजाता है
भूल कर मातृ भाषा का सम्मान 
अपनों के बीच अप्रवासी  नजर आता है
उठाकर देख लो शास्त्र , ऐसा पुत्र
इहलोक तो क्या , परलोक में भी
स्थान नहीं पाता है 
विषाद की घड़ी में ,अवसाद की लड़ी में
जब हृदय की घुटन निकलना चाहती है
तब विदेशी भाषा पंगु नजर आती है
ऐसे में मातृ भाषा ही साथ निभाती है
लगा गले अपने ,सारा अवसाद पी जाती है , 
कर पुत्र के हृदय को अवसाद मुक्त
उसको जीने की फिर नई राह दिखाती है
इसीलिए ही तो  मेरी मातृ भाषा में
मेरी जननी ही मुझे नजर आती है ।
राजयोग