तपती सड़क पर
नंगे पांव भागती
नादान जिंदगी
प्लेटफॉर्म पर
चाय चाय पुकारती
मासूम जिंदगी
रेल की पटरी से
कूड़ा बीनती
बेपरवाह जिंदगी
गांव के खेतों
में फसल काटती
अवयस्क जिंदगी
होटल में झूठे बर्तन धोती
निर्मल जिंदगी
सड़क किनारे
साहब के जूते
कमीज से चमकाती
निश्चल जिंदगी
घर में मालकिन की
बेवजह डांट खाती
छोटी सी जिंदगी
लोगों की फैंकी जूठन से
पेट भरती जिंदगी
सरकारी कार्यालयों में
पानी पिलाती
बड़ी सी जिंदगी
मधुशाला में टूटे
कांच के टुकड़ों को
समेटती जिंदगी
खेल के मैदान को
दूर से निहारती जिंदगी
स्कूल जाते बच्चों
को आतुर निगाहों
से संवारती जिंदगी
माता पिता के साथ
अपने बचपन की
तस्वीर उकेरती जिंदगी
सुंदर पोशाकों
के सपने बुनती जिंदगी
गांव की पगडंडी के
सपने देखती जिंदगी
जाड़े की रातों में
ठंड से कंपकंपाती जिंदगी
फुटपाथ पर भूखे पेट
सोती जिंदगी
तेज रफ्तार कार से
कुचली जाती जिंदगी
बस इतनी सी जिंदगी
जिसके लिए
इतनी सारी बंदगी ?
राजयोग
