मैं उन बच्चों में से किसी की माँ नहीं हूं
लेकिन मेरी एक बेटी है..  बिलकुल उसी उम्र की।
सोचती हूं वो बच्चे भी ऐसे ही अपनी मां से झगड़ते होंगे जैसे वो झगड़ती है, ऐसे ही उनकी मां भी उन्हें डांटती होगी जैसे मैं डांटती हूं...

माँ और बच्चे का प्यार और तकरार, लाड़ और झाड़ ऐसा ही होता होगा न?
ऐसी सर्दी में वो भी अपनी माँ के साथ रज़ाई में घुस कर गप्पें मारते होंगे...

उनकी माँ भी उनके सर में तेल की मालिश करती होगी...वो भी मां से महंगी चीज़ें खरीदने की ज़िद करते होंगे...
उनके घर में भी घंटों इस बात पर बहस होती होगी कि दोस्त की पार्टी में जा सकते हैं या नहीं, अगर हां तो कपड़े कौन से पहन कर जाएं,

और  वापस कितने बजे लौटना पड़ेगा...
एक माँ का दिन बस ऐसे ही न जाने कितने बेकार के कामों में निकल जाता है..
सोच रही हूं...

उन १३२ बच्चों की माँएं आज क्या काम कर रही होंगी?
बस आंसू बहाने के अलावा.....
सोचते सोचते मेरी आंखें क्यों नम हैं?
शायद इसलिए क्योंकि एक मां सिर्फ एक माँ होती है...

वो हिंदुस्तानी या पाकिस्तानी नहीं होती..

वो नेता या आतंकवादी नहीं होती...
माँ सिर्फ मां होती है और इसलिए वो सरहद पार की माँ का दर्द अपने सीने में महसूस कर सकती है....

उसके आंसू अपनी आंखों में पाती है..

उसको गले लगा कर उसके साथ रोना चाहती है...

मगर अफसोस...

ये सरहदें दो माओं को मिलने नहीं देंगी..,
इसलिए...
इस पार से मैं ये दुआ तुझे भेजती हूं कि तू खुद को समेट सके,

अपने जिगर के टुकड़े की यादों के सहारे एक बार फिर जीने की कोशिश कर सके...
मैं जानती हूं कि हर बच्चे के साथ एक माँ की भी मौत हुई है....

पर तुझे दिखावे के लिए जीना तो पड़ेगा ही न....

दुआ करूंगी कि बची हुई ज़िंदगी में तुझे अब और दर्द न मिले...
~ "ऋचा अनिरुद्ध"