"एक पिता का सच"
पिता!
आखिर क्या मायने है इस शब्द के?
ये वो नायक है,
जो अपनी खुशियों को नजरअंदाज किये
बच्चों की हर ख्वाहिश पूरी करने की पुरजोर कोशिश करने की प्रबल इच्छाशक्ति लिए
रहता है सतत प्रयासरत..
जो है मार्गदर्शन, अपनी संतानों का
हर बुरे समय में हिम्मत बंधाता
उनकी खुशी में, अपनी दबी हुई इच्छाओं की भी मौज मनाता
अपने आँसू दिखाना मंजूर नहीं उसे,
ताकि कायम रख सके वो आत्मविश्वास मन में अपनी संतान के,
सोचता ये भी होगा कि आखिर अब ये सब कहे तो कहे किसे?
कहते हैं माँ होती है एक बच्चे का पहला विद्यालय
लेकिन कितने ही परिवार है जिनमे,
देखा है सिर्फ एक पिता को ही,
जीवन के दोनों पहियों में सामंजस्य स्थापित करते,
दिन-रात अपने जीवन का हर क्षण
अपने बच्चों पर न्यौछावर करते।
पूछा है आजतक किसी संतान ने अपने पिता से
कि क्या है वो खुश? क्या उनकी इच्छाएं है जो रह गयी कुछ अधूरी,
जिम्मेदारी के बोझ तले।
सिर्फ एक दिन की सोशल मीडिया पोस्ट से
किसे खुश करने की कोशिश करेंगे आप,
अभी रहो मत मौन क्योंकि आने वाले समय में बनेंगे
आप भी किसी के बाप!
यदि नहीं है वो पिता का साया जीवन में,
तो जाइये जनाब! बिताइये एक दिन ही सही
वृद्धाश्रम में..
खोखली ना लगने लगे ये दकियानूसी सोच
कि पिता है वो, उन्हें जरूरत होगी तो कहने में
क्यों करेंगे वो संकोच...
है मलाल इस बात का
आखिर क्यों है इस देश में वृद्धाश्रम
जीवन के अंतिम सालों में छोड़ उन्हें अकेला,
सोचिये हो चला है समाज कितना खोखला
खैर...
आज नहीं तो कल जरूर टूटेगा ये मतिभ्रम
जब कल उनके लिए भी खुले मिलेंगे वही वृद्धाश्रम।
-ऋचा सोनी-

