एक रात ख़्वाब ने उठाया मुझ को
वहीं ख़्वाब जो कभी न मुक़म्मल हुआ
पर उस ही ख़्वाब ने एक आरज़ू रखी थी
उस ख़्वाब में किसी ने सदा दी मुझे
पतली सहमी सी आवाज़
कहीं पनाह ले रखी थी शायद उसने
मैं सुनते ही वो आवाज़, जुस्तजू में निकला
हर सम्त, हर क्यारी, हर सागर किनारे तलाशा
सुबह, उफ़क़ के आगोश में जहां वक्त बसर किया करते थे
और शाम ग़ुलशन के दरख़्त के नीचे गुज़रती थी
रात की स्याही को मिटाकर
आसमाँ में तारों को ताका करते थे
हर जगह तलाश कायम रखी मैंनें उसकी
उस सदा की आहट ने फिर टोका मुझे
महीन आंचल में दबा हुआ एक चेहरा
बस एक इशारा देकर रुक गया
अब नक़्श-ए-कफ़-ए-पा दिखाई दिए
मैं उस ही के नक़्श-ए-क़दम पर चलता रहा
ले गया वो ख़्वाब मुझे दूर सहरा से किसी अंजान से शहर में
शायद तलाश तो उस ख़्वाब को भी थी उस ही सदा की
बनाकर ख़्वाब को रफ़ीक़ अपना
हम दोनों मसरुफ़ रहें उसकी जुस्तजू में
उस ही एक आवाज़ और आहट का पिछा करते हुए
मैं जा पहुँचा दरिया किनारे
वो दरिया जो सागर को जाकर मिलती थी
वहीं किसी ने फिर से आवाज़ दी सियाह रात मे
रुक कर सवाल करता रहा ख़ुद से
जब थक गया मैं तलाश करते हुए उस सदा की,
तो इस ही सदा ने सुलाया मुझ को,
कुछ इस तरह इस ख़्वाब ने सताया मुझ को।

