बड़ा कामचोर ख़ुर्शीद है अपना
देर से आता है जाड़ो में
मद्धम जुंबिश के साथ
जब चढ़ता है फ़लक़ पर धीरे-धीरे
तब कहीं वो बोझल सा नूर उसका
ज़मीं पर सज्दे करता है
और कभी तो ये धूप छन कर आती है
बादलों का महीन आँचल रोक लेता है
बड़ा रहिन है ख़ुर्शीद अपना
जाड़ो में देर से आता है दफ़्तर
और जल्दी चला जाता है
शाम को लेकर अपने साथ।
इसने पूरे आलम को काहिल बना रखा है
आलम देर से उठता है
देर से काम पर जाता है
और जल्दी आ जाता है
बड़ा कामचोर आलम है अपना
बड़ा कामचोर ख़ुर्शीद है अपना।