वाह रे !
तथाकथित "समाज"
मर गई न भावनाएँ सब !
तेरे इरादों से
और फ़क़त बातों से
हैं लोग वाक़िफ़ अब I
आँखों में नहीं अब
करुणा के नीर, पर
तरकश-ए-ज़ुबां में
हैं तीखे ज़हरीले तीर II
अब कहाँ गया ?
तेरा वो कोमल मन !
था कभी जो इतना निर्मल
कि देख कर ग़म ग़ैरों का
घिर आते थे
दुःखों के बादल
न जाने कैसी चोट लगी !
सोच पर I
उभरा इक जख़्म
बहुत गहरा I
हिंसा, नफ़रत, हवस
और बदले की धूल से
बन गया ऐसा नासूर,
बह रहा है नित जिससे
गंदा लहू अपराध का
रिस रिस कर
देखा है सबने तुझे अक्सर
आराम कुर्सियों पे लदकर
गर्म पेय की चुस्कियां लेकर
झूठी संवेदना के नमक छिड़कते
पीड़ित अंतर्मन के घावों पर
गर कर सके
तो, बस इतना कर ...
रख अवांछित विचारों को
निज ज़ेहन के दायरे तक
मत थोप, मत थोप यूँ ही
तू बेवजह किसी पर
- अभिषेक
