साथ तेरा था जब तक

तो टूटे हुए सपनों का

और छूटे हुए अपनों का

ग़म नहीं होता था


एक तेरे होने से था हर-सू

मौसम-ए-उल्फ़त

नफ़रतों की फ़ज़ा का

मुझको इल्म नहीं होता था


तेरी बातों से सजती थी

मेरे दिल में रोज़ अंजुमन

तन्हाइयों का कभी वहाँ

आलम नहीं होता था


लिखता था गीत ग़ज़ल मैं

मासूम हसीन तेरे रुख़ पे

तारीफ़ में लफ़्ज़ों का गौहर

कभी कम नहीं होता था


छलक आते थे अश्क मेरे भी

तेरी नम आँखों को देख कर

क़ुर्बत-ए-रूह सा ये राब्ता

सबसे नहीं होता था


होके लाचार कराहता था जब

मैं तन के ज़ख़्म-ओ-दर्द से

तेरे तबस्सुम से बेहतर तब

कोई मरहम नहीं होता था


मिल पाते थे हम दोनों

एक अर्से के बाद

चंद रोज़ में फिर तुझसे रुख़्सत

आसां नहीं होता था


- अभिषेक