एक संघर्ष माता-पिता का

करें, बच्चों का भविष्य उज्ज्वल

एक जिम्मेदारी संतानों की

करें, उनके बुढ़ापे की राह सरल


तमाम मुसीबतों से जूझकर भी

माँ बाप तो

संकल्प कर लेते हैं सफल

पर, उनके "लाल "

कर्तव्य निर्वाह में, 

हो जाते क्यूँ विफल ?

गर सेवा कर भी दे संतान

तो कहकर उसे एहसान,

फिर माँगते हैं प्रतिफल ! 


दी हो हर पल जिन्होंने

ज़िंदगी में बेशकीमती दीक्षा

क्या बुरा है कर ली जो

औलादों से कुछ अपेक्षा


नहीं चाहते कुछ "खास "

हमें जन्म देने वाले, 

जीवन के अंतिम पड़ाव पे

होती है बस इतनी आस, 

स्नेह के चंद बूंदों से

बुझती रहे प्यास


अरे नई पीढ़ी के "नौनिहालों

कर लो, थोड़ी सी तो शरम ! 

बहाया है पसीना जिसने

तेरा "कल" सँवारने की खातिर

और नित जलाया है लहू

करके दिन रात, अथक श्रम

बसा लो दिलों में उस "भगवान" को

मत भेजो, मत भेजो,

मत भेजो उन्हें वृद्धाश्रम


 - अभिषेक