बरस दर बरस

मना तो लेते हैं सभी

माँ का यह दिवस

पर हक़ीक़त देखिए

हैं ऐसी भी माताएँ

जो लाचार और बेबस

तो क्यूँ न लें ये प्रण

हममें से हर एक जन

कुछ यूँ भी करें जतन

कि उन माँओं में से

कम से कम एक भी

ऐसी किसी माँ का

जीत लें, छू लें मन

जो गुज़ारती है रोज़ ही

संघर्ष भरा जीवन

बेचती है सड़कों पे

सब्ज़ी, फल, खिलौने

उठाती है कचरा

करके सफ़ाई कोने कोने

माँजती है ग़ैरों की

जूठी थालियाँ, गंदे बर्तन


माएँ ऐसी भी हैं,

जो पैसे को पानी सा बहाती

जो कामवाली पे चिल्लाती

जो देखती ड्रॉइंग रूम में टीवी

जो चलाती हैं महँगी कार

जो जानती नहीं, क्या होता है ग़म

पर वो भी तो माँ है,

जो पाई पाई ब-मुश्किल जुटाती

जो कई घरों में "आया" कहलाती

जो तकती अपनी बदनसीबी ग़रीबी

जो नहीं दे पाती बच्चों को उपहार

जो छोड़ दी जाती है वृद्धाश्रम


सूची नहीं ये दोस्तों

संपूर्ण या सकल

हैं अनेकों ऐसी माएँ जो

हालात से जूझती हैं पल-पल

माँ हो कर भी नहीं पातीं

कभी दर्ज़ा वो मुक़म्मल

किसी माँ के पास सारे सुख अपार

कोई मर-मर के चलाती है परिवार !


कभी मुफ़्लिसी आहिस्ता आहिस्ता

कर देती हयात छोटी

मिलती नहीं जब कई रोज़,

उन्हें दो वक़्त की भी रोटी !

कभी बेटे ही कर देते हैं

अपने ही घर से बेघर

फिर ज़िंदगी चाह कर भी,

होती नहीं गुज़र !

कहते हैं कि माँ से बढ़ कर

नहीं कुछ भी इस जहाँ में

वो तो धरा सी विशाल

फिर क्यूँ एक भी माँ

है बेहाल और बद-हाल !


रखती महफूज़ जिस तन में

वो नन्ही सी इक जान

जन्म देने में उसी जिस्म से

कभी निकल जाती है जान

जब "जननी" को ही मिला है

असहज पीड़ा सहने का वरदान

तो क्यूँ नहीं मिलता उन्हें ?

उनका वांछित सम्मान I


बड़ा, ज़्यादा, बहुत ना सही

शय कोई, भले हो मुख़्तसर

करा दें सस्नेह अगर मयस्सर

ले आएँ रुख़ पे ज़रा मुस्कान

मिल जाएंगी उस माँ से भी

झोली भर भर दुआएँ और

हो जाएगा वात्सल्य में स्नान

महसूस होगा तब कि

मातृ दिवस को सच में

मिली है एक सार्थक पहचान


बुरा कहती है ये दुनिया

"भरत" की माँ को अक्सर

पर दोष उसका था जिसने

भरा कुटिलता का ज़हर

फिर जो कुछ घटित हुआ

था पुत्र मोह का भी असर

और नियति ने रखा था

होना वैसा ही रच कर

इसलिए "कैकेयी" को

कभी मत कोसिए I

भूल जाइए उस प्रसंग को

एक माँ की व्यथा समझ कर


ख़ता करते हैं सभी

नहीं इस बात से इनकार

ऐसा नहीं कि मैं हूँ

आज का "श्रवण कुमार"

जाने अनजाने कभी मुझ से भी

हो जाता कटु व्यवहार

पर जिस लम्हा

होता ग़लती का एहसास

रोता हूँ ज़ार ज़ार

आ बैठता हूँ फिर माँ के पास

ज्यूँ ही माँगता हूँ माफ़ी

वो करने लगती है दुलार

हर माँ ऐसी ही होती है

क्यूँकि, कहते हैं ना ...

माँ तो माँ होती है I


    - अभिषेक


मातृ दिवस पर सभी माँओं को सादर नमन !

#mothersday