रामायण के कुछ ख़ास एवं महत्वपूर्ण प्रसंगों को कलमबद्ध करके कविता के रूप में प्रस्तुत करने की एक छोटी सी कोशिश की है I

..........................

"काव्य रामायण"


माँगे गए थे दो वचन

दासी की बात में पड़ कर

और चल पड़े श्री राम

पिता की आज्ञा मान कर

अविलंब वनवास पथ पर

दिखा इस जग को

भातृ-प्रेम भरत का और

कठोर त्याग उर्मिला का

राह तकता रहा एक अनुज

अग्रज की पादुका को नमन कर I

जीती रही एक नव विवाहिता

बरसों पति से वियोग सहन कर I


काटी नाक सूर्पनखा की

लक्ष्मण ने अति आवेश में आ कर I

तब ले जाई गई वैदेही

क्रोध प्रतिशोध में

रावण के हाथों हरण कर I

भेंट हुई रघु की हनुमंत से

हुई सुग्रीव संग मित्रता

पहुँचे बजरंगी ख़बर सुध लेने

किस हाल में होंगी माता सीता

भूख मिटाई मीठे फल खा कर

उजाड़ दी फिर उपवन वाटिका

छिप कर सुनाई राम कथा

दी जानकी को निशानी मुद्रिका

लगाई गई आग पूँछ में

मारुति को पकड़ कर

जल गई लंका धू-धू कर I

वानर मित्रों ने मिलकर

बना दिया सेतु जलधि पर I

अंगद आए स्वर्ण नगरी में

शांति के दूत बन कर I

दी चुनौती अपना पग रख कर

हिल न पाई किसी योद्धा से

विफल हुए सब एक-एक कर I


हुए मूर्छित अनुज लखन

पवन सुत ले आए प्राण-संजीवनी

लगा जब नाग-पाश का बंधन

गरुड़ जी से किया निवेदन

बचाया अयोध्या कुमारों का जीवन

लगाया प्रभु ने हृदय से

कहा... तुम हो "संकट-मोचन"


हुआ अंतिम युद्ध अति भीषण

कुंभकर्ण की बारी पहले आई

रघुवीर के हाथों वीर-गति पाई

फिर मेघनाद इंद्रजीत ने लड़ी लड़ाई

लक्ष्मण ने राह परलोक दिखाई

अंततः रण में आया दुष्ट दशानन

बोलने लगा अहंकारी कटु वचन

बचने लगा जब हर बार मायावी तब

अमृत-नाभि का भेद बतलाए विभीषण

दशरथ नंदन ने चलाया

ऐसा एक अचूक वाण

"श्री राम" "श्री राम" कह कर

लंकेश ने त्यागा प्राण

जीते जी पहचान न पाया वो

तथाकथित प्रकांड विद्वान

अभिमान उन्माद में ही

मूर्ख सदा रहा अंजान

कि जिनकी भार्या को हर लाया

नर भेष में हैं वे स्वयं नारायण


* इति श्री मेरी काव्य रामायण *


- अभिषेक