सबको ख़ुश रखने की नहीं मजबूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
मौका परस्तों की एक फ़ौज पूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
मुँह में राम, बगल में छुरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
कहीं शोषण, दमन और जी हुज़ूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
बचपन बचे, बढ़ती बाल-मज़दूरी है !
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
लाज़िमी दहेज नहीं, कन्या की मंज़ूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
"व्यापार" वाली शिक्षा-तालीम अधूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
भ्रम है स्वर्ण मृग, झूठी कस्तूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
स्वार्थ है तो क़ुर्बत, वर्ना दूरी है
इसलिए "ना" कहना ज़रूरी है
- अभिषेक
