ख़ुशियों की पिचकारी से रंगों की हो बौछार
मुखड़ों पर चमके सतरंगी आभा सी बहार
नन्हें होठों पर खिले तबस्सुम गुलाब सा
गोरे रुख़सारों पर आ जाए गुलाल से निखार
ऐसा हो ये प्यारा होली का त्योहार
हृदय के वृंदावन में गूंजे कान्हा बंसी की तान
राधिका सा लगे हर बाला का रूप-श्रृंगार
भीग भीग कर बरसाने के प्रेम रस में
गोपियां करे खूब ठिठोली लठमार
ऐसा हो ये प्यारा होली का त्योहार
मालपुए का हो लजीज़ ज़ायका
नमकीन भुजिया, मिठास गुझिया का
दही-बडे़ के चटपटे स्वाद से
अतिथि मित्रों का, हम करें सत्कार
ऐसा हो ये प्यारा होली का त्योहार
फ़िज़ाओं में वसंती गीतों की मल्हार
देवर भाभी का अनुपम प्यार
भांग की मस्ती, झूमता तन-मन
थिरकते कदम, मदहोश ख़ुमार
ऐसा हो ये प्यारा होली का त्योहार
उमंगों के फ़लक पर छा जाए
स्नेह, सद्भाव उल्फ़त का ग़ुबार
मन के दरिया में उठने लगे
इंद्रधनुषी रंगों का ज्वार
आनंद की लहरों में डूबा हो
हम सबके मन का तार-तार
ऐसा हो ये प्यारा होली का त्योहार
- अभिषेक
