जब हो गया बीमार
उसका प्यारा राजकुमार
सब ने कहा..
शायद अब नहीं उठेगा !
बेटा तेरा नहीं बचेगा !
"चुप कर"... बोली वो
माँ हूँ, नहीं खोने दूँगी
मैं अपना अनमोल रतन
सलामती की ख़ातिर,
करूँगी दिन रात जतन
फैलाया सबके आगे दामन
दिया नहीं जब, किसी ने धन
सूना कर डाला अपना तन
ये सोच कर कि ....
कैसे टूट जाने दूँ
मुन्ने की साँसों की लड़ियाँ
बेच दी सुहाग की निशानियाँ
पायल, बिछिया और कंगन
ला सकी कुछ दवाइयाँ
चढ़ी मंदिरों की भी सीढ़ियाँ
यकीन दुआ रंग लाई
लौट फिर ख़ुशियाँ आई
बबुआ तो हो गया स्वस्थ
पर समय ने किया
एक और अनर्थ
सहसा इक रोज़
बदला लाडले का मन
छोड़ गया घर-आँगन
माँ की ममता का दामन
उस माँ की चंद रोज़ में
थम गई धड़कन
ग़रीबी से नहीं
मौत का सबब था
एकांत और अकेलापन
- अभिषेक
