चाँद पे उतरा चंद्रयान
वैज्ञानिकों ने बढ़ाया मान
गर्वित हुआ हर भारतीय
इतिहास रच गया हिन्दुस्तान
इस मंज़िल की राह साथियों
थी इतनी भी तो नहीं आसान
कई धैर्यवान तेज़ मस्तिष्क ने
मिलाया ज्ञान और विज्ञान
विगत चार वर्षों से था अरमान
किया लक्ष्य पर केंद्रित ध्यान
दे दिया अथक मेहनत करके
अपनी अद्भुत क्षमता का प्रमाण
साकार हुआ तब स्वपन कोई ऐसा
मिली देश को अभूतपूर्व पहचान
हुनर की नींव तो थी ही लेकिन
करोड़ों दुआओं का भी रहा योगदान
अंतरिक्ष में विजयी तिरंगा लहराके
छा गया जग में श्रेष्ठ भारत महान
देख चुकी है दुनिया ये सारी
और अब तो बेशक़ गई है जान
कि हिंद की पावन धरती पर
है विविध प्रतिभाओं की खान
कामयाबी का है ये वो सोपान
जिस पर भले ही अपना चतुर्थ स्थान
पर, दक्षिण-ध्रुव को स्पर्श करते ही
आ गए हैं विश्व में प्रथम पायदान
सफलता की इक और कड़ी जुड़ी है
बाक़ी है न जाने अभी कितनी उड़ान
नई बुलंदियों को छूता रहे वतन हमारा
हर क्षेत्र में बढ़े इसका गौरव सम्मान
- अभिषेक
